Gadar 2 Music Controversy: निर्देशक अनिल शर्मा का पलटवार, छह महीने पहले ही उत्तम सिंह को दिखा दिए थे गाने
फिल्म 'गदर 2' के गीत 'मैं निकला गड्डी लेके' और 'उड़ जा काले कावा' को लेकर गीत के मूल संगीतकार उत्तम सिंह ने ‘अमर उजाला’ से एक खास बातचीत के दौरान कहा था कि फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने उनके गीत तो इस्तेमाल कर लिए, लेकिन उन्होंने उनसे इसकी अनुमति नहीं ली। इस फिल्म के संगीत की सफलता को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब इस बारे में बात हुई तो अनिल शर्मा ने कहा कि छह महीने पहले उन्होंने उत्तम सिंह को अपने ऑफिस में बुलाकर गाने दिखाए थे और उनको बताया बताया था कि आपके गाने और बैक ग्राउंड म्यूजिक इस फिल्म में प्रयोग कर रहे हैं।
निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा, 'पता नहीं इस गाने को लेकर कहां से कंट्रोवर्सी पैदा हो गई। उत्तम सिंह बहुत ही सज्जन व्यक्ति हैं, वह ऐसी बात नहीं कर सकते हैं। मैंने जब उनको ऑफिस में बुलाकर गाने दिखाए थे और उनको बताया था कि आपके गाने फिल्म में प्रयोग कर रहा हूं, तो वह बहुत खुश हुए थे। जितनी लोकप्रियता उत्तम सिंह को फिल्म 'गदर-एक प्रेम कथा' के दौरान नहीं मिली, उससे ज्यादा तो अब इस गाने को लेकर जो कंट्रोवर्सी पैदा हुई, उससे मिल रही है।'
यह पूछे जाने पर कि क्या अनिल शर्मा ने 'गदर 2' में संगीत देने के लिए पहले उत्तम सिंह से संपर्क किया था। वह कहते हैं, 'इस फिल्म के संगीत के लिए मैने संपर्क नहीं किया था। जी म्यूजिक कंपनी ने मेरे सामने चार- पांच म्यूजिक डायरेक्टर के नाम सुझाए थे, उसमे से मैने संगीतकार मिथुन को चुना, क्योंकि इस फिल्म के गाने के लिए एक नए साउंड की जरूरत थी। और, मुझे लगता है कि मिथुन से बेहतर कोई नहीं कर सकता है।'
फिल्म के गायक उदित नारायण ने फिल्म के गाने को लेकर ऑस्कर अवॉर्ड लेने की इच्छा जताई। निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा, 'मुझे बहुत खुशी होगी, अगर इस फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड मिले तो। क्योंकि अभी तक मेरी किसी भी फिल्म को अवॉर्ड नहीं मिला है। बड़ी हैरानी की बात है कि मेरी फिल्म 'गदर- एक प्रेम कथा' को नेशनल अवार्ड के लिए 11 नॉमिनेशन मिलने के बाद भी अवॉर्ड नहीं मिला था।'




No comments:
Post a Comment