IND vs PAK Live: भारत ने पाकिस्तान को 267 रन का लक्ष्य दिया, हार्दिक-ईशान का अर्धशतक; अफरीदी ने चार विकेट झटके
Today Live Cricket Score, India vs Pakistan Asia Cup 2023: कप के तीसरे मुकाबले में शनिवार (दो सितंबर) को भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती है। दोनों टीमें कैंडी के पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने हैं। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। वह 48.5 ओवर में 266 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 267 रन बनाने होंगे।
लाइव अपडेट
07:45 PM, 02-SEP-2023
IND vs PAK Live: पाकिस्तान को मिला चुनौतीपूर्ण लक्ष्य
भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच में 48.5 ओवर में 266 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दिक पांड्या ने बनाए। उन्होंने 87 रन की पारी खेली। बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने भी भारतीय प्रशंसकों का दिल जीता और पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में 82 रन बनाए। इनदोनों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। यहां तक कि हार्दिक और ईशान के बाद बुमराह तीसरे टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने आखिरी में 16 रन बनाकर भारत को 266 रन तक पहुंचाया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट लिए। नसीम शाह और हारिस रऊफ को तीन-तीन सफलता मिली।
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय उस समय गलत साबित हुआ जब पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मौसम और पिच का फायदा उठाते हुए कहर बरपा दिया। 14.1 ओवर में 66 रन पर भारत के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। शाहीन अफरीदी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को आउट किया तो हारिस ने श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल को अपना शिकार बनाया। रोहित 11, विराट चार, श्रेयस 14 और शुभमन 10 रन बनाकर आउट हुए।
07:41 PM, 02-SEP-2023
IND vs PAK Live: भारत को लगा नौवां झटका
भारत को नौवां झटका 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। नसीम शाह ने कुलदीप यादव को आउट किया। कुलदीप का कैच विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने लिया। उन्होंने अपनी 13 गेंद की पारी में चार रन बनाए। भारत का स्कोर नौ विकेट पर 262 रन है।
07:22 PM, 02-SEP-2023
IND vs PAK Live: जडेजा और शार्दुल भी आउट
भारत की पारी अचानक से लड़खड़ा गई है। सात गेंद के अंदर टीम के तीन बल्लेबाज आउट हो गए। 44वें ओवर की पहली गेंद पर शाहीन ने हार्दिक को आउट किया। इसी ओवर की छठी गेंद पर रवींद्र जडेजा पवेलियन लौट गए। उनके बाद 45वें ओवर की पहली गेंद पर नसीम शाह ने शार्दुल ठाकुर को आउट कर दिया। जडेजा 22 गेंद पर 14 रन बनाकर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमा बैठे। वहीं, नसीम शाह ने शार्दुल को शादाब खान के हाथों कैच कराया। भारत ने 45 ओवर में आठ विकेट पर 246 रन बना लिए हैं।

No comments:
Post a Comment