Wednesday, September 6, 2023

बैंक ग्राहक के खाते में वारिस का नाम जुड़वाएं

 बैंक ग्राहक के खाते में वारिस का नाम जुड़वाएं

महंगाई नियंत्रण के प्रयास जारी दास

वाहनों की खुदरा बिक्री में नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी

 

मुंबई, एजेंसी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके ग्राहक अपने वारिस (नॉमिनी) को नामित करें। ऐसा करने से बिना दावे वाली जमा की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।

वित्त मंत्री ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में कहा कि बैंकिंग प्रणाली, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार हर कोई यह ध्यान रखे कि जब कोई ग्राहक पैसे का लेनदेन करता है, तो संगठनों को भविष्य के बारे में सोचना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि वे अपने वारिस का नाम और पता दें। केवल बैंकिंग प्रणाली में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक ऐसी राशि है जिसके दावेदार नहीं हैं।


महंगाई नियंत्रण के प्रयास जारी दास
 
महंगाई नियंत्रण के प्रयास जारी दास

नई दिल्ली, एजेंसी। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय बैंक मुद्रास्फीति को चार प्रतिशत पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आरबीआई जोखिमों पर नजर रखेगा, क्योंकि कीमतों के प्रबंधन पर कई बार वैश्विक आपूर्ति से संबंधित झटके लग सकते हैं।

दास ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में एक व्याख्यान में कहा कि केंद्रीय बैंक यह सुनिश्चित करने के लिए सतर्क है कि मुद्रास्फीति के संबंध में एक घटना का दूसरी घटना पर और ऐसे ही क्रमिक प्रभाव न पड़े।

गवर्नर ने कहा, बार-बार खाद्य कीमतों का झटका लगने की घटनाएं मुद्रास्फीति के स्थिर होने में जोखिम पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि सब्जियों की कीमतों की वजह से जुलाई में मुद्रास्फीति 7.4 प्रतिशत पर पहुंच गई थी, लेकिन अब यह घटने लगी है।


वाहनों की खुदरा बिक्री में नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी
 

नई दिल्ली, एजेंसी। यात्री वाहनों और दोपहिया वाहन सहित सभी खंडों में मजबूत मांग के चलते अगस्त में वाहनों की खुदरा बिक्री नौ प्रतिशत बढ़ी। ऑटो डीलरों के निकाय फाडा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने वाहनों की कुल बिक्री नौ प्रतिशत बढ़कर 18,18,647 इकाई हो गई, जो अगस्त 2022 में 16,74,162 इकाई थी। अगस्त में यात्री वाहनों की बिक्री सात प्रतिशत बढ़कर 3,15,153 इकाई हो गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 2,95,842 इकाई थी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने बताया कि यात्री वाहन खंड में विस्तारित ग्राहक योजनाओं के चलते बेहतर वाहन आपूर्ति रही और बाजार में गतिशीलता बनी रही।दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री छह प्रतिशत बढ़कर 12,54,444 इकाई हो गई, जो अगस्त 2022 में 11,80,230 इकाई थी।

No comments: