जनसमस्याओं को संजीदगी के साथ हल करें अधिकारी

गोरखनाथ मंदिर में रविवार को जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
गोरखपुर न्यूज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोग बहुत उम्मीद से हमारे पास आते हैं। ऐसे में जरूरी है कि उनकी हर समस्या का समाधान हो। अधिकारी समस्याओं को पूरी संजीदगी से लें। उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सीएम ने कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने 200 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि कहा कि सभी को न्याय मिलेगा। उनके रहते किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी। इलाज के लिए अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन को भेजें।
No comments:
Post a Comment