आज की ताजा खबर सफलता शहीदों के हत्यारों के ठिकानों पर ड्रोन से बम वर्षा
अनंतनाग में अभियान जारी, उरी में तीन हलाक



श्रीनगर news जम्मू- कश्मीर में सेना ने आतंक के खिलाफ ऑपरेशन तेज कर दिया है। अनंतनाग में चल रहे ऑपरेशन के बीच सेना ने शनिवार को बारामूला के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास हथलंगा में तीन आतंकियों को मार गिराया। चिनार कॉर्प्स के अधिकारियों ने बताया कि उरी ऑपरेशन को बाधित करने और आतंकियों को बचाकर निकालने के लिए पाकिस्तानी सेना ने जवानों पर फायरिंग की। इसके अलावा भारतीय ड्रोन को भी निशाना बनाया गया। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए सभी दहशतगर्दों का अंत कर दिया।
उत्तरी कश्मीर के उरी में ब्रिगेडियर पीए.एस ढिल्लों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित संगठनों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों के बारे में खुफिया जानकारी के बाद एलओसी के पास हथलंगा में शनिवार तड़के अभियान शुरू किया गया था। सेना को खुफिया जानकारी मिल रही थी कि पाकिस्तानी संगठन जम्मू-कश्मीर में शांति को अस्थिर करने के लिए उरी में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए हमने घुसपैठ रोधी और निगरानी ग्रिड को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि सुबह छह बजकर 40 मिनट पर खराब मौसम के बावजूद हथलंगा इलाके में तीन से चार आतंकवादियों को नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश करते हुए देखा गया। इसके बाद सुरक्षाबल तुरंत मौके पर पहुंचे। दो घंटे तक लगातार गोलीबारी चलती रही। सेना ने आतंकियों को मार गिराने के लिए अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल), मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर (एमजीएल) और रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया।
अनंननाग में शनिवार को आतंकियों की घेराबंदी किए जवान।
डिजिटल पेमेंट से समय पर किस्त देने पर ब्याज में छूट मिलेगी योगी

लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लघु उद्यमियों को ऋण बांटा।
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एमएसएमई सेक्टर से जुड़े उद्यमियों व कारीगरों को 50,000 करोड़ रुपए का कर्ज वितरित कर इतिहास रच दिया है। इतने बड़े पैमाने पर लघु उद्यमियों को कर्ज बांटने वाला यूपी पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल पेमेंट द्वारा किस्त समय पर जमा करने वाले व्यक्ति को लोन के ब्याज में राज्य सरकार सब्सिडी देगी। ग्राम सचिवालय के निकट एक हाट बनेगा। कॉमन फैसिलिटेशन सेण्टर बनाने पर तेजी से कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ये बातें शनिवार को विश्वकर्मा जयन्ती की पूर्व संध्या पर ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’ के अन्तर्गत टूल किट वितरण तथा एमएसएमई क्षेत्र हेतु 50 हजार करोड़ रुपये के मेगा ऋण वितरण समारोह के अवसर पर कहीं।
एपीएस भर्ती के लिए आवेदन 19 से
प्रयागराज सचिवालय, राजस्व परिषद और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में अपर निजी सचिव (एपीएस) के 328 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 सितंबर से शुरू होंगे। दस साल बाद होने जा रही भर्ती के लिए 9 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार 21 से 40 वर्ष के अभ्यर्थी आवेदन करें।
नीतीश पीएम बनने को लालू के साथ आए शाह

झंझारपुर बिहार
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बिहार की महागठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू अपने बेटे को सीएम बनाने और नीतीश पीएम बनने के लिए साथ आए हैं। इनका मकसद तुष्टीकरण करना और फिर जंगलराज लाना है।
ललित-कर्पूरी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने बिहार की महागठबंधन सरकार को तेल और पानी का मेल बताया। इसे स्वार्थी गठबंधन बताते हुए शाह ने कहा कि यदि नरेंद्र मोदी फिर देश के प्रधानमंत्री नहीं बने तो सीमांत क्षेत्र घुसपैठियों से भर जाएंगे। महागठबंधन सरकार ने रक्षाबंधन की छुट्टी समाप्त करने का फतवा जारी किया था। बिहार ने इस पर आक्रोश जताया। यूपीए ने इतने घोटाले किए थे कि अब वे इस नाम से नहीं आ सकते। इसलिए उन्होंने नया नाम इंडी एलायंस रखा है।
अत्यधिक बारिश और गर्मी साथ-साथ सताएंगे




नई दिल्ली जलवायु परिवर्तन के कारण एक साथ तेज बारिश और अत्यधिक गर्मी पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इससे भविष्य में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन के बाद इसको लेकर आगाह किया है।
‘अर्थस फ्यूचर’ पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि गर्म और नमी वाली हवा से बादलों के भीतर पानी की मात्रा बढ़ जाती है। इससे लगातार और तेज बारिश की संभावना भी बढ़ जाती है। इतना ही नहीं, हवा में नमी बढ़ने से पसीने वाली गर्मी के चरम सीमा पर पहुंचने की आशंका भी बलवती होती जा रही है।
अध्ययन रिपोर्ट में वैज्ञानिकों ने बताया कि तापमान में प्रत्येक एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि पर हवा की नमी धारण करने की क्षमता छह से सात प्रतिशत बढ़ जाती है। इसलिए जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों में इस तरह की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, नमी और उच्च तापमान की परिस्थितियों में गर्मी की लहरें मिट्टी को पूरी तरह सुखा देती हैं, जिससे पानी अवशोषित करने की उसकी क्षमता कम हो जाती है। इसके बाद होने वाली तेज बारिश के पानी को जमीन के अंदर जाने में कठिनाई होती है। इसके परिणामस्वरूप पानी की अथाह मात्रा जमीन की सतह पर बहने लगती है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
सीएमओ को टीम बनाकर जांच के आदेश, डीएम ने कहा-सभी मरीजों की स्थिति ठीक, जांच कर की जाएगी कार्रवाई
इंजेक्शन से 12 टीबी मरीजों की हालत बिगड़ी

शनिवार को जिला अस्पताल के टीबी वार्ड में भर्ती मरीज। शुक्रवार देर रात यहां कईमरीजों की हालत बिगड़ गई थी।





मेरठ जिला अस्पताल में इंजेक्शन से शुक्रवार देर रात 12 टीबी मरीजों की तबीयत बिगड़ गई। सभी मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती किया गया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
डीएम दीपक मीणा ने कहा है कि एहतियात के तौर टीबी की उस दवा के वितरण पर रोक लगा दी है। सीएमओ को टीम बनाकर जांच को कहा गया है। मरीजों की स्थिति ठीक है। अपर निदेशक स्वास्थ्य डा.अर्चना त्यागी की अध्यक्षता में जांच टीम का गठन कर दिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है।
चिकित्सकों के अनुसार जिला अस्पताल में टीबी के मरीजों का नियमित इलाज चलता है। शुक्रवार को टीबी मरीजों को दवा दी गई थी। शुक्रवार देर रात 12 से अधिक मरीजों की हालत बिगड़ने लगी। किसी को तेज बुखार तो किसी को उल्टी होने लगी। कई मरीजों को सांस लेने में दिक्कत आने लगी। तुरंत इमरजेंसी के चिकित्सकों ने एसआईसी डा.ईश्वरी देवी बत्रा को सूचना दी। सीएमओ और अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों को जानकारी दी गई। 12 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कराया।
दो घंटे गहन चिकित्सा के बाद सभी मरीजों की स्थिति ठीक होने पर वार्ड में भेज दिया गया। मरीजों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रखे हैं। टीबी की दवा को सील कर दिया है। संबंधित दवा के वितरण पर रोक लगा दी है।
मेरठ असुरक्षित दवा पद्धति, बढ़ती फीस, चिकित्सकों की अनुपलब्धता मरीजों की सुरक्षा पर भारी पड़ रही है। मरीजों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 17 सितंबर को विश्व रोगी सुरक्षा दिवस का आयोजन किया जाता है।
डॉक्टरों की बढ़ती फीस
चिकित्सकों की बढ़ती फीस वहन करना रोगियों की पहुंच से बाहर हो गया है। मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास न जाकर झोलाछाप को प्राथमिकता देने लगे हैं।
जांच का मनमाना रेट
प्राइवेट लैब में जांच बेहद महंगी है। जांच सरकारी अस्पताल में कुछ रुपये में हो जाती है, निजी में कई गुना रेट है। इस कारण मरीज अक्सर समय पर जांच नहीं करा पाते।
तुरंत किया गया उपचार
टीबी के मरीज कमजोर होते हैं। शुक्रवार रात 12 मरीजों की हालत बिगड़ी थी। चिकित्सकों की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सभी का उपचार किया। अब सभी ठीक हैं। जांच टीम बनाई है। जांच में पता चलेगा क्या कारण रहा -डा.ईश्वरी देवी बत्रा, एसआईसी, जिला अस्पताल।
दवा वितरण लगाई रोक
देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कुछ टीबी मरीजों की हालत बिगड़ गई थी। कारण प्रथम दृष्टया दवा का रिएक्शन बताया जा रहा था। इस कारण उस दवा के वितरण पर रोक लगा दी गई। सीएमओ को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है
-दीपक मीणा, डीएम।
अस्पताल का भारी खर्च
सरकारी अस्पतालों में भीड़ होने के कारण मरीज निजी अस्पताल का रुख कर लेता है। निजी अस्पताल फायदा उठाते हैं और सुविधाओं के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं।
महंगी दवाएं
निजी चिकित्सकों की दवाएं बेहद महंगी हैं। ये अपने स्टोर पर मिलने वाली दवाइयां लिखते हैं। महंगी दवा के कारण मरीज कई बार बीच में इलाज छोड़ देता है।
संसद सत्र पर सभी दलों की बैठक आज
नई दिल्ली संसद के पांच दिवसीय सत्र में कोई अहम प्रस्ताव लाए जाने की चर्चाओं के बीच केंद्र सरकार की ओर से रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है।
एक देश एक चुनाव पर बैठक 23 को
भुवनेश्वर एजेंसी देश में एक साथ चुनाव कराने पर गौर करने और सिफारिशें के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की पहली बैठक 23 सितंबर को होगी। समिति के प्रमुख पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार भुवनेश्वर में एक दीक्षांत समारोह में जानकारी दी।
आज से जिले में आयुष्मान भव अभियान

डीएम दीपक मीणा। ● हिन्दुस्तान

मेरठ डीएम दीपक मीणा ने बताया केंद्र और प्रदेश सरकार की आयुष्मान भव योजना का 17 सितंबर को शुभारंभ होगा। 17 सितंबर से दो अक्तूबर गांधी जयंती तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। सेवा
पखवाड़ा के साथ अभियान की शुरुआत होगी। योजना में पांच वर्ष से अधिक पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी किया जाएगा। 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की गैर संचारी रोगों मधुमेह, उच्च रक्तचाप की प्राथमिकता से जांच कराई जाएगी।
कलक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत में डीएम ने कहा आयुष्मान आपके द्वार, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा व आयुष्मान ग्राम पंचायत/ नगरी वार्ड अभियान में शामिल होगा। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत अभियान, स्वास्थ्य इकाइयों का कायाकल्प, रक्तदान, अंगदान, छूटे लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना, हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर और नगरी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर आयुष्मान मेले का आयोजन होगा। आयुष्मान भव पखवाड़े में पांच स्तर पर कार्यक्रम होंगे। रक्तदान, अंगदान, जनता को आयुष्मान योजना से जोड़ना, नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक कर आभा आईडी बनाना, टीबी के मरीजों की सूची बनाना व विभिन्न संचारी रोगों से जनता को जागरूक करना रहेगा।
रक्तदान, ब्लड बैंक का रक्त कोष पोर्टल पर पंजीयन उपलब्धता और रक्तदाता की सूची, गैर सरकारी संस्थाओं को शैक्षिक रक्तदान कैंप लगवाने के लिए बढ़ावा देना, स्वैच्छिक रक्तदान कैंप का ब्लड बैंक के परामर्श से ई रक्त कोष पोर्टल पर पंजीकरण होगा।
ब्रहमपुरी में पांच समेत डेंगू के 21 मरीज मिले
जयभीमनगर, लल्लापुरा, जानी, मकबरा डिग्गी, नंगलाबट्टू, रजबन, सरधना और तहसील क्षेत्र में एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है। दो महीने में मेरठ जिले में शनिवार को सबसे अधिक 21 मरीज मिले हैं। सीएमओ डा.अखिलेश मोहन का कहना है लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। 15 सितंबर को 17 डेंगू मरीज मिले थे।
बिजली चोरी रोकें, निर्बाध आपूर्ति करें जयपाल

प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति के सभापति डॉ. जयपाल सिंह का स्वागत करतीं एमडी।
मेरठ प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति लखनऊ से सभापति डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त के नेतृत्व में शनिवार को मेरठ पहुंची। मेरठ, बागपत जिलों के बिजली संबंधित कार्यों की 26 बिंदुओं पर समीक्षा की। पीवीवीएनएल अफसरों को निर्देश दिए उपभोक्ताओं से शालीनता से पेश आएं। मीटर रीडरों की मनमानी पर अंकुश लगाएं। उपभोक्ताओं से निरंतर संवाद रहे। शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति हो।
समिति सदस्य कुंवर महाराज सिंह, दिनेश गोयल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज बैठक में रहे। डीएम दीपक मीणा, एमडी पीवीवीवीएनएल चैत्रा वी. ने समिति सभापति एवं सदस्यों का स्वागत किया। डॉ. जयपाल सिंह ने निर्देश दिए बिजली विभाग की सभी सेवाएं सरलतम रूप से प्राप्त हो सकें। विभाग की विभिन्न योजनाओं-सेवाओं का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।
इन बिंदुओं पर समीक्षा ट्रांसफार्मर की स्थिति, उपभोक्ता लोड के अनुसार मीटर रीडर क्षेत्र में बदलाव, विभागीय स्तर पर भ्रष्टाचार के प्रकरण में कार्रवाई की समीक्षा की। विजिलेंस थानों के औचक निरीक्षण तथा ट्रांसफार्मर, बिजली चोरी के संबंध में विभाग द्वारा की कार्यवाही। डीएम, एमडी पीवीवीवीएनएल चैत्रा वी. ने आश्वस्त किया समिति से जो निर्देश प्राप्त हुए हैं, शत प्रतिशत पालन किया जाएगा।
भगवान विश्वकर्मा ने किया हस्तिनापुर का भी निर्माण

हस्तिनापुर पौराणिक कथाओं के अनुसार देवताओं के दिव्य वास्तुकार भगवान विश्वकर्मा ने हस्तिनापुर का निर्माण किया। हालांकि हस्तिनापुर एक पौराणिक नगर है और इसका अस्तित्व ऐतिहासिक तथ्य के बजाय पौराणिक कथाओं का विषय है।
इसके निर्माण में भगवान विश्वकर्मा की भागीदारी की कहानियां महाभारत से जुड़ी पौराणिक कथाओं का हिस्सा है। अन्य पौराणिक शहरों का विकास हुआ, लेकिन हस्तिनापुर का विकास नहीं हो सका। पौराणिक कथाओं के अनुसार स्वर्गलोक की इंद्रपुरी, वरुणपुरी, कुबेरपुरी, रावण की स्वर्ण नगरी लंका, भगवान श्रीकृष्ण की समुद्र नगरी द्वारिका और पांडवों की राजधानी हस्तिनापुर के निर्माण का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को जाता है।
30 करोड़ से भरे जाएंगे 326 सड़कों के गड्ढे

मेरठ लंबे इंतजार के बाद शनिवार को आखिरकार शहर की 326 सड़कों के हजारों गड्ढों को भरने का टेंडर खुल गया। 80 प्रतिशत टेंडर में ठेकेदार शामिल हुए। अब शीघ्र ही इन टेंडरों पर फैसला कर गड्ढा मुक्ति का कार्य होगा।
नगर निगम के मुख्य अभियंता का दावा है कि 30 करोड़ से अगले दो महीने में इन सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करा दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से सड़कों के निर्माण के लिए दो महीने से कवायद की जा रही है। इसके तहत ही बोर्ड फंड से शहर के सभी 90 वार्डो के गली-मोहल्लों की 326 सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का टेंडर जारी किया गया था। शनिवार को इन 326 सड़कों का टेंडर खुला। माना जा रहा है कि 80 प्रतिशत सड़कों के टेंडर में ठेकेदार शामिल हुए। 20 प्रतिशत सड़कों के टेंडर में या तो सिंगल बिड ही आया है या फिर कोई शामिल नहीं हुआ। ऐसी स्थिति में 20 प्रतिशत सड़कों का फिर से टेंडर करना पड़ेगा। उधर, शहर के प्रमुख मार्गो के निर्माण को लेकर भी टेंडर प्रक्रिया में है। मुख्य अभियंता देवेन्द्र यादव का कहना है कि 326 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए शनिवार को टेंडर खुल गया है।
चांद दिखा, सात रबी-उल-अव्वल 23 को
मेरठ रबी-उल-अव्वल का चांद शनिवार को नजर आ गया। मोहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी ने बताया कि रबी-उल-अव्वल की आज पहली तारीख होगी। उन्होंने बताया कि 7 रबी-उल-अव्वल 23 को और आठ रबी-उल-अव्वल 24 सितंबर होगी। सात और आठ रबी-उल-अव्वल पर शहर, जैदी फार्म, लोहियानगर में कार्यक्रम होंगे।
घर खर्च मांगा तो उड़ेला खौलता दूध
मेरठ लिसाड़ी गेट के श्यामनगर में एक युवक परिवार के साथ रहता है। वह नशे का आदी है। घर खर्च को लेकर शनिवार सुबह पति-पत्नी में विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने गैस पर उबल रहा खौलता दूध अपनी पत्नी पर उड़ेल दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।

तहसील परिसर में हस्तिनापुर स्थित कर्ण मंदिर के विवाद में मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन देते लोग।
मवाना हस्तिनापुर स्थित कर्ण मंदिर के विवाद में चकबंदी विभाग ने जो फैसला सुनाया है, उससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में काफी नाराजगी है। इससे दुखी होकर मंदिर के महंत द्वारा अग्नि समाधि लेने के निर्णय से प्रत्येक सनातनी दुखी और आक्रोशित हैं। क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को तहसील में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया है। ज्ञापन में मांग की गई कि इस मामले में फैसला करने वाले चकबंदी अफसरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाये, वरना वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। कर्ण मंदिर के महंत शंकर देव ने कार्रवाई नहीं होने पर 18 सितंबर 2023 को मंदिर परिसर में अग्नि समाधि लेने की चेतावनी दी है। महंत शंकर देव ने बताया कि वर्ष 1953 में उत्तर प्रदेश सरकार ने हस्तिनापुर कौरवान स्थित कर्ण घाट मंदिर को करीब साढ़े सत्रह बीघा भूमि आवंटित की थी। फसली संख्या 1360 में इस आवंटन का जिक्र भी है। उस समय यह भूमि कर्म सिंह पुजारी कर्ण मंदिर को आवंटित हुई थी। कर्ण मंदिर का केयर टेकर कर्म सिंह पुजारी को बनाया गया था। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 1982 में चकबंदी के दौरान कलीराम पुत्र रणधीर ग्राम गणेशपुर ने सिर्जेदारी के फर्जी कागज लगाकर कर्म सिंह का नाम ़खारिज कराकर संक्रमणीय भूमिधर करा लिया, जबकि सिर्जेदारी उत्तर प्रदेश में 1950 में समाप्त हो गई थी। आरोप लगाया फर्जीवाड़ा करके कर्ण मंदिर की भूमि को अपने नाम करा लिया।

हस्तिनापुर में जलीय जीवों के माडल के बारे में विस्तार जानकारी करते हुए पीसीसीएफ।

हस्तिनापुर सामाजिकी वानिकी प्रशिक्षण केंद्र में बने व्याख्यान केंद्र का शनिवार को प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने निरीक्षण किया। वहीं उन्होंने उसके समीप ही बनाये जा रहे रैस्कयू सैंटर की भी कार्य प्रगति को जाना तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा, मुख्य वन संरक्षक एनके जानू व डीएफओ राजेश कुमार सामाजिक वानिकी प्रशिक्षण केद्रं मे निर्माणाधीन रैस्कयू सैंटर की कार्य प्रगति के बारे मे जाना। उन्होने बताया कि जंगलो मे भटककर आबादी क्षेत्र मे जाने वाले जंगली जीवो को रेस्क्यू कर सैंटर पर लाया जायेगा। जिन्हे विशेषज्ञो की निगरानी मे रखा जायेगा तथा यदि घायल है तो उसका उपचार कराया जायेगा। उन्होने बताया कि यह 15 करोड़ रूपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने वहां मौजूद ठेकेदार को कार्य मे तेजी लाने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात केंद्र पर बने व्याख्यान केद्र, तालाब मे तैरते कछुए व जलीय जीवो डाल्फिन व घडियाल के माडल भी देखे तथा डब्लयू डब्लयू एफ द्वारा संचालित की जा रही घडियाल पुनर्विस्थापन परियोजना व कछुआ संरक्षण परियोजना के बारे मे समन्वयक संजीव यादव व शाहनवाज खान से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पौधरोपण की भी किया गया। इस मोके पर रेंजर रविकांत चैधरी, रोबिन सिंह, संजय सिंह आदि शामिल रहे।

लखनऊ अगले साल की शुरुआत में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए केन्द्रीय चुनाव आयोग सक्रिय हो गया है। देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में आयोग की टीम ने ताबड़तोड़ बैठकों का सिलसिला शुरु कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार 15 सितम्बर को कानपुर नगर में 17 जिलों के डीएम के साथ लोकसभा चुनाव की अब तक की तैयारियों का आंकलन करने के बाद अब आगामी 18 सितम्बर को वाराणसी, 20 सितम्बर को गोरखपुर और 25 सितम्बर को आगरा में ऐसी ही बैठकें होने जा रही हैं। वाराणसी में 18 सितम्बर को होने वाली बैठक में वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी और भदोही जिलों में अब तक हुई चुनाव तैयारियों का आयोग की टीम आंकलन करेगी और आवश्यक निर्देश देगी। इस बैठक में सभी सम्बंधित जिलों के डीएम शामिल होंगे।
20 सितम्बर को गोरखपुर मुख्यालय पर होने वाली बैठक में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर, अम्बेडकरनगर, गोण्डा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, बहराइच और श्रावस्ती जिलों की चुनाव तैयारियों की समीक्षा होगी।
फिर 25 सितम्बर को आगरा में आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, अलीगढ़, मैनपुरी, इटावा, औरय्या, कन्नौज, बदायूं आदि जिलों के डीएम के साथ चुनाव आयोग की टीम बैठक करेगी।
चुनाव आयोग की इस टीम में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त धर्मेन्द्र शर्मा, नितेश व्यास, अशोक कुमार, निदेशक दीपाली मासिरकर, सचिव पवन दीवान और अवर सचिव पवन दीवान शामिल हैं।
सूत्रों की माने तो अब आयोग ने इसके लिए दलों से इनपुट भी लेना शुरू कर दिया है।





















No comments:
Post a Comment