Wednesday, August 30, 2023

मवाना में भी सोतीगंज, नौ गिरफ्तार

 मवाना में भी सोतीगंज, नौ गिरफ्तार

 
मवाना में भी सोतीगंज, नौ गिरफ्तार

● पुलिस ने छापेमारी के दौरान चोरी की बाइकें और सामान बरामद किया

● गैंग का खुलासा करने के लिए 24 घंटे दबिश दे रही है पुलिस

● पुलिस ने जल्द गैंग का खुलासा करने का दावा किया

मवाना, संवाददाता। मेरठ सदर बाजार का सोतीगंज बंद होने के बाद अब मवाना में धड़ल्ले से बाइकों का कटान किया जा रहा है। मवाना पुलिस ने मंगलवार को ऐसे ही एक गैंग के नौ बदमाशों को पकड़ा है।

इसके बाद छापेमारी कर चोरी की बाइकें और सामान बरामद किया। इस गैंग को चलाने में मवाना समेत चार गांव के युवक शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने जल्द गैंग का खुलासा करने का दावा किया है। मेरठ सदर में चल रहे सोतीगंज बंद होने के बाद देहात क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे मिनी सोतीगंज खूब धड़ल्ले से चल रहा है। आए दिन नगर के लोगों के वाहनों की चोरी भी की जा रही है। बाहर से भी वाहन चोरी कर यहां लाकर काटे जा रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने नगर के पक्का तालाब के पास दो युवकों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। थाने लाकर पूछताछ की तो एक बड़े बाइक चोर गैंग का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने सोमवार रात मवाना समेत पास के चार गांवों मुबारिकपुर, कोहला व दो अन्य गांवों से नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यहां से चोरी की तीन बाइकें भी बरामद की। छापेमारी में कटी हुई बाइकें और सामान भी बरामद हुआ है। पूरे गैंग का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीम 24 घंटे दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द एक बड़े गैंग का खुलासा किया जाएगा।

अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम दिन रात तलाशने में जुटी है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं। हिरासत में लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस गैंग का खुलासा किया जाएगा।

No comments: